बिजनौर। बीएसए महेश चंद्र ने खंड शिक्षा अधिकारियों व जिला समन्वयकों की दो टीम बना कर जिले के दो विकास क्षेत्रों का निरीक्षण कराया। निरीक्षण में 21 शिक्षक अनुपस्थित मिले।
ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद शुक्रवार को बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों ने स्कूलों की खबर ली। बीएसए ने बृहस्पतिवार को जिले के बीईओ व समन्वयकों की बैठक आयोजित की थी। बैठक में ही निरीक्षण कराने की तैयारी कर ली गई थी, पर निरीक्षण किस विकास क्षेत्र का होगा इसका खुलासा नहीं किया गया था। शुक्रवार को सुबह ही अधिकारियों को बताया गया कि उन्हें किस विकास क्षेत्र का निरीक्षण करना है। बीएसए महेश चंद्र ने बताया कि शुक्रवार को ब्लॉक जलीलपुर व बुढ़नपुर के 135 स्कूलों का निरीक्षण बीईओ से कराया गया, जिसमें चार सहायक अध्यापक, 16 शिक्षामित्र व एक अनुदेशक अनुपस्थित पाया गया। बताया कि अनुपस्थित शिक्षकों का एक-एक दिन का वेतन तथा अनुदेशकों व शिक्षा मित्रों को एक-एक दिन का मानदेय रोकने की कार्रवाई की जा रही है। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में मिड-डे मील व छात्रों की उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति व साफ-सफाई को देखा गया। बीएसए ने बताया कि स्कूलों में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।