बिजनौर। ग्राम स्वराज अभियान के तहत जिले के 46 गांवों में उज्ज्वला पंचायत आयोजित की गई। योजना का लाभ ले रही महिलाओं ने एलपीजी प्रयोग के लाभ बताए। मौके पर 2031 कनेक्शन वितरित किए गए। जल्दी ही पूरे जिले को धुआं मुक्त करने का संकल्प लिया गया।
रसोई को धुंए से मुक्त करने के लिए संचालित प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में जिले में अब तक एक लाख 22 हजार कनेक्शन वितरित किए गए हैं। अधिक से अधिक पात्रो ं को योजना से जोड़ने के लिए जिले की सभी 46 गैस एजेंसियों ने 46 गांवों में उज्ज्वला पंचायत आयोजित की। योजना के जिले के नोडल अधिकारी विपिन आनंद के मुताबिक उज्ज्वला पंचायत में एससी/एसटी, आवास योजनाओं के पात्रों को मौके पर ही बिना किसी सिक्योरिटी के 2031 गैस कनेक्शन वितरित किए गए। एजेंसियों के कर्मचारियों ने महिलाओं को एलपीजी के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। बताया कि एलपीजी के प्रयोग से धुएं से होने वाली बीमारियों से महिलाओं को मुक्ति मिली है। गांव तैमूरपुर दीपा में वीएसएम गैस एजेंसी द्वारा आयोजित उज्ज्वला पंचायत में एचपी गैस एजेंसी के अधिकारियों ने भी शिरकत की। ग्राम प्रधान संजू रानी, सुधीर कुमार आदि मौजूद रहे। बिजनौर गैस एजेंसी द्वारा गांव मुजफ्फरपुर केशो में कनेक्शन वितरित किए गए। सेवानिवृत्त प्रधानाचार्या राजुल त्यागी, भाजपा नेता हरजिंदर कौर व समाजसेवी अशोक निर्दोष ने एलपीजी का प्रयोग कर बीमारियों से बचने व पर्यावरण को स्वच्छ रखने का आह्वान किया। गैस एजेंसी प्रॉपराइटर किशन लाल, उमेश सिंह, विनोद, अनीता चौधरी आदि मौजूद रहे।