शनिवार को निकलने वाले रंग का जुलूस शांतिपूर्वक निकालने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। चार थानों की पुलिस तैनात रहेगी और मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
थाना प्रभारी संजय प्रताप सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे रंग के मार्ग पर लगे होंगे। जुलूस की हर गतिविधि कैमरे में कैद होगी। नगीना सर्किल के चारों थाने बढ़ापुर, कोतवाली देहात, नगीना, नगीना देहात की फोर्स के अतिरिक्त 50 दरोगा, 300 कांस्टेबिल, दो कंपनी पीएसी, फायर सर्विस, 50 से अधिक महिला पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी के लिए सादे कपड़ों में भारी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात रहेंगें। किसी भी शरारती तत्व को गड़बड़ी नहीं करने दी जाएगी।
भाजपा नेता अनूप वाल्मीकि ने शुक्रवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि नगर में शांति व्यवस्था और भाईचारा कायम रखने के लिए वे बराबर सहयोग करेंगे। उन्होंने शनिवार को निकलने वाले रंग के जुलूस को सद्भावपूर्ण वातावरण में हर्षोल्लास के साथ निकलवाने के लिए नगर के गण्यमान्य लोगों से अपील की है। इस मौके पर केशव दीक्षित, शोभित त्यागी, संदीप वाल्मीकि समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।