बिजनौर। भाजपा विधायक लोकेंद्र चौहान के निधन से जिले में शोक की लहर है। उनके पैत्रिक गांव में जिले व बाहर से आए राजनैतिक दलों के नेताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। प्रदेश सरकार के चार मंत्रियों का प्रोग्राम भी जिला प्रशासन को मिला है। भाजपा विधायक लोकेंद्र चौहान का अंतिम संस्कार 22 फरवरी को सुबह10 बजे उनके पैत्रिक गांव आलमपुरी में होगा।
जिले के लोकप्रिय भाजपा विधायक लोकेंद्र चौहान के निधन से जिले में शोक की लहर है। उनके निधन पर नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार स्वतंत्रदेव सिंह, पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह, ग्राम विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. महेंद्र सिंह के आने का प्रोग्राम जिला प्रशासन को प्राप्त हो गया है। ये मंत्री विधायक लोकेंद्र चौहान के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। अभी और मंत्रियों के आने की संभावना है।
-------------------
स्कूलों में होगी शोक सभा आयोजित
बिजनौर। भाजपा विधायक लोकेंद्र चौहान के निधन पर शिक्षक संगठनों ने भी शोक जताया है। उप्र जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार यादव, मंत्री दुष्यंत कुमार, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नागेश कुमार व मंत्री प्रशांत चौधरी ने बताया कि विधायक लोकेंद्र चौहान के निधन पर 22 फरवरी को स्कूलों में शिक्षक शोक सभा आयोजित करेंगे। उन्होंने विधायक को शिक्षक हितैषी बताया तथा कहा कि जिले की शिक्षकों की समस्याओं के निस्तारण के लिए शिक्षकों का सहयोग किया।