जिलाधिकारी जगतराज ने संपूर्ण समाधान दिवस में पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि विवाद एवं राजस्व विभाग से संबंधित प्राप्त होने वाली शिकायतों को गंभीरता से लें। राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेते हुए पूरी गुणवत्ता के साथ समस्या का समाधान कराएं।
डीएम मंगलवार को तहसील सदर बिजनौर में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर उपलब्ध होने वाली शिकायतों का अवलोकन कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करना सुनिश्चित करें। डीएम और एसपी ने निर्धन और असहाय लोगों को नि:शुल्क कंबलों का वितरण किया। अमृतसर पंजाब में आयोजित इंटरनेशनल सोटो कप कराटे चैंपियनशिप में मेडल जीतने वाले विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। विन्नी कराटे एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट धामपुर के तत्वावधान में सलीम अहमद सिद्दीक़ी के निर्देशन में प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल प्राप्त करने वाले जूनियर ग्रुप विजेताओं में प्रियंका, पुलकित कुमार, सीनियर ग्रुप में अश्वनी कुमार, अमरपाल, अवनीश कुमार ने मेडल प्राप्त किए। समाधान दिवस में कुल 53 शिकायतें दर्ज हुईं। इस दौरान सीएमओ डॉ. राकेश मित्तल, एसडीएम सदर के अलावा सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।