कासमपुरगढ़ी। सीरवासुचंद के लोगों ने ग्राम प्रधान पर ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने मामले की जांच डीएम से कर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेताया कि भूमि को कब्जामुक्त नहीं कराया तो आंदोलन होगा।
गांव के सीरवासुचंद्र, दिलशाद, रजाउद्दीन, मुस्तकीम, शरीफ, दानिश, राशिद, मदन सिंह, जाकिर आदि बुनकरों का कहना है कि उन्हें ग्राम समाज से तानेबाने की भूमि मिली हुई है। उस भूमि के बगल में ही ग्राम प्रधान की भूमि भी पड़ी है। प्रधान अपनी भूमि की आड़ में बुनकरों की ग्राम समाज की भूमि पर भी जबरन अवैध कब्जा कर निर्माण करने लगा है। आरोप है कि पुलिस भी कोई सुनवाई नहीं कर रही है। लेखपाल ने आने से हाथ खड़े कर दिए हैं। बुनकरों ने डीएम से जांच कर तानेबाने की भूमि को प्रधान से कब्जामुक्त कराने की मांग की है। उधर, एसडीएम आजाद भगत सिंह का कहना है कि मौके पर टीम भेजकर भूमि की पैमाइश कराई जाएगी।