नजीबाबाद। सर्द मौसम और घने कोहरे ने न केवल ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया, बल्कि सफर करने वालों के लिए भी चुनौतियां पैदा कर दीं। ट्रेनों में भारी भीड़ के चलते कई यात्री दिव्यांगों और महिलाओं के लिए आरक्षित कोचों में सवार होने के लिए विवश हैं।
घने कोहरे के कारण हाईवे से गुजरने वाले वाहनों बस आदि की गति धीमी हो रही है या फिर उनका संचालन बंद करना पड़ रहा है। उधर, ट्रेनों में भी ऐसे ही हालात हैं। लंबी दूरी की कई ट्रेनें स्यालदाह एक्सप्रेस, जननायक एक्सप्रेस, पंजाब मेल, किसान एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें घंटों विलंब से चलने से रेल यात्री परेशान हैं। प्लेटफार्म पर ठिठुरते हुए ट्रेन की लंबी प्रतीक्षा करने वाले यात्रियों को उस समय खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, जब उन्हें ट्रेन में चढ़ने तक का मौका नहीं मिल पाता।
सोमवार की शाम करीब सवा पांच बजे नजीबाबाद पहुंची लिंक एक्सप्रेस का आलम कुछ ऐसा था कि दिव्यांगों के लिए आरक्षित कोच में सामान्य यात्री और महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में पुरुष यात्री सवार थे। इतना ही नहीं लगेज कोच में भी यात्रियों की खासी भीड़ सवार थी। सामान्य कोचों में लोग खिड़कियों पर लटककर सफर कर रहे थे। भाजपा नेता नकुल अग्रवाल, विक्रांत चौधरी, पूर्व डीजीसी हरपाल सिंह, नागरिकों हरेंद्र सिंह, ट्रांसपोर्टर महिपाल चौधरी, मनमोहन सिंह आदि ने जनहित में ट्रेनों में सामान्य कोचों की संख्या बढ़ाने की मांग की।