धामपुर डिवीजन दो खंडों में विभाजित
धामपुर (बिजनौर।
धामपुर तहसील क्षेत्र विद्युत निगम की दृष्टि से अधीक्षण अभियंता सर्किल बनाया गया है। यहां पर अधीक्षण अभियंता की पोस्टिंग हो गई है। उन्होंने अपना काम करना शुरू कर दिया है। सुगमता की दृष्टि से धामपुर डिवीजन को दो भागों में विभाजित किया गया है। विद्युत वितरण खंड प्रथम और विद्युत वितरण खंड द्वितीय नवसृजित खंड बनाए गए हैं।
विद्युत वितरण खंड के द्वितीय एक्सईएन अमित सक्सेना ने बताया कि धामपुर में डिवीजन में करीब डेढ़ लाख विभिन्न श्रेणी के उपभोक्ता हैं। डिवीजन के सुगमता की दृष्टि से दो भाग हो जाने की वजह से अब दोनों अभियंताओं के पास 75-75 हजार उपभोक्ता आ गए हैं। नवसृजित खंड में स्योहारा टाउन (ग्रामीण) उमरपुर खादर, सरकड़ा चकराजमल, ताजपुर, ठांडजट, सहसपुर, पालनपुर, वीरभानवाला, हरेवली, मुबारकपुर, हाफिजाबाद, अफजलगढ़, मानियावाला, भिक्कावाला और कालागढ़ के बिजलीघर शामिल हैं। जबकि विद्युत वितरण खंड प्रथम धामपुर टाउन, तहसील मुख्यालय, नींदड़ू, नहटौर टाउन ग्रामीण, खंड साल, ढक्काकर्मचंद, कल्याणपुर, बसावनपुर, कादिपुरा और शेरकोट के बिजलीघर शामिल किए गए हैं। बकौल एक्सईएन नवसृजित खंड अधिक दूर हैं। इसलिए अफजलगढ़ को उपखंड बनाया गया है। अफजलगढ़ में उपखंड कार्यालय पर एसडीओ की तैनाती रहेेगी। सुगमता की दृष्टि से एक्सईएन की हैसियत से उनका तीन दिन का कैंप सप्ताह में स्योहारा में रहेगा।