भागूवाला । कोटावाली नदी पुल से भारी वाहनों का आवागमन रोकने के लिए लगाया गया हाइटगेज वाहन की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे अब छोटे वाहन भी पुल से नहीं गुजर पा रहे हैं। नेशनल हाईवे और नदी के रपटे पर दिन भर जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है।
नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग को क्रॉस करने वाली कोटावाली नदी के पुल के पिलर में तकनीकी खामी आने के बाद से पुल से भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया था। इसके बावजूद कई भारी वाहन पुल के ऊपर से ही गुजर रहे थे। इसकी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुल के दोनों ओर हाइटगेज लगाए गए थे। दो दिन पहले रात में किसी समय भारी वाहन की टक्कर से हाइटगेज क्षतिग्रस्त हो गया। हाइटगेज सड़क पर काफी नीचे तक झुक जाने से अब छोटे वाहन भी पुल के ऊपर से नहीं गुजर पा रहे हैं। हल्के वाहनों को काफी परेशानी उठाकर पुल की एक साइड से होकर गुजारना पड़ रहा है। मार्ग से आवागमन होने से वाहनों की लंबी कतार लग रही है। तीन दिन बाद भी नेेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) द्वारा हाइटगेज को दुरुस्त न करने से बड़ी समस्या बनी हुई है।