विधान परिषद में मुख्यमंत्री के प्रस्तावक बने लोकेंद्र
बिजनौर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विधान परिषद का सदस्य बनाने के लिए भाजपा हाईकमान ने नूरपुर से विधायक लोकेंद्र चौहान को भी प्रस्तावक बनाया है। लोकेंद्र चौहान उत्तर प्रदेश भाजपा विधान मंडल दल के कोषाध्यक्ष भी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अनुपस्थिति में विधायक लोकेंद्र चौहान के हस्ताक्षर से भी प्रदेश के विकास कार्यों में लगने वाला बजट जारी होता है।
लोकेंद्र चौहान नूरपुर सीट से लगातार दूसरी बार विधायक बने हैं। संगठन ने उनको राष्ट्रपति चुनाव में पार्टी प्रत्याशी रामनाथ कोविंद और इससे पहले पूर्व रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर को राज्यसभा भेजते समय भी प्रस्तावक बनाया था। लोकेंद्र चौहान की संघ में भी मजबूत पकड़ है। पार्टी ने उनको उत्तर प्रदेश भाजपा विधान मंडल दल का कोषाध्यक्ष भी नियुक्त किया है। लोकेंद्र चौहान के अलावा शाहजहांपुर से नगर निकाय मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, बांसी सीट से जयप्रताप सिंह, पट्टी सीट से राजेंद्र प्रताप सिंह, बुलंदशहर से वीरेंद्र सिंह सिरोही, खागा से कृष्णा पासवान, अमृतपुर सीट से सुशील कुमार शाक्य, बरेली से डॉ. अरुण कुमार, साकेंद्र प्रताप सिंह, सेवता से ज्ञान तिवारी को प्रस्तावक बनाया गया है। लोकेंद्र चौहान को छोड़कर सभी नौ प्रस्तावक मंत्री हैं। विधायकों में केवल लोकेंद्र चौहान को ही शामिल किया गया है।