बरकातपुर मिल के कांटे पर पकड़ी 18 किलो की घटतौली
बिजनौर। जिले की बरकातपुर चीनी मिल में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने मिल में 18 किलो की घटतौली पकड़ी है। संगठन ने किसानों से अब तक खरीदे गए गन्ने का इस अनुपात में अलग से भुगतान देने की मांग की है। साथ ही सहायक चीनी आयुक्त द्वारा हर चीनी मिल के मुख्य कांटे व क्रय केंद्र पर जांच कराने की मांग की है।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार के अनुसार बुधवार रात गांव छिंदौक निवासी एक किसान गन्ने को मिल में तुलवाने ले गया था। किसान ने मिल जाने से पहले एक धर्मकांटे पर तोल कराकर ले गया था। मिल के कांटे पर वजन कराया तो उसमें अंतर आया। जिस पर किसान ने अपनी ट्राली मिल में एक ओर खड़ी कर दी और उन्हें सूचना दी। उन्होंने बाट माप अधिकारी नजीबाबाद दीप्ति श्रीवास्तव और सहायक चीनी आयुक्त देवेंद्र कुमार मौर्य को मौके पर बुलाया। इसके बाद जांच हुई तो ट्राली के वजन में 18 किलोग्राम का अंतर पाया गया।
विनोद कुमार का कहना है कि मिल में हर रोज हजारों क्विंटल गन्ना तोला जा रहा है। घटतौली के हिसाब से किसानों को मिल में हर रोज लाखों रुपये का चूना लगाया जा रहा है। किसानों को यह पैसा मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मिल ने अब तक जितना भी गन्ना तोला है किसानों को उसका इसी अनुपात में भुगतान मिलना चाहिए। चीनी मिल के डीजीएम केन विकास पुंडीर के अनुसार मिल में कोई घटतौली नहीं मिली है। इतना वजन सामान्य तौर पर ही कम हो जाता है। मिल में एकदम सही तोल हो रही है।