बिजनौर। पिछले पेराई सत्र का गन्ना भुगतान न होने के खिलाफ भाकियू भानु के बैनर तले किसानों ने जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय में धरना दिया। किसानों ने गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह को भी धरने पर बैठा लिया। मिल के गन्ना प्रबंधक के आश्वासन पर शाम को धरना समाप्त हुआ।
जिलाध्यक्ष वीर सिंह सहरावत ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भी 31 दिसंबर तक गन्ने का भुगतान नहीं किया गया है। चीनी मिल मालिकों की किसान विरोधी गतिविधियों से कृषक परेशान हैं। धरने में गन्ना भुगतान 14 दिन के अंदर कराने, मिलों के क्रय केंद्रों पर घटतौली बंद कराने, किसानों का शत प्रतिशत कर्ज माफ कराने, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, गन्ना मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की। धरने में पहुंचे बिलाई चीनी मिल के गन्ना प्रबंधक राहुल चौधरी ने आठ जनवरी तक पिछली पेराई सत्र का शत प्रतिशत भुगतान करने व वर्तमान पेराई सत्र का भी दस करोड़ के भुगतान का आश्वासन दिया। गन्ना प्रबंधक के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ। इस दौरान युवा जिलाध्यक्ष अर्पण चौधरी, विजय पहलवान, नरेश पहलवान, नंदराम, गजराज, रक्षित, प्रीतम, हमीदुल्ला, भूपेंद्र, लवी, गौरव कुमार आदि किसान मौजूद रहे।