दादा-पोते नदी में डूबे
शिवाला कलां। सोमवार शाम पैर फिसलने से रामगंगा नहर में चार वर्ष का बच्चा डूब गया। बच्चे को बचाने के प्रयास में उसके रिश्ते का दादा भी नहर में डूब गया। परिजनों ने सोमवार की रात व मंगलवार को नहर में दोनों की काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं लगा।
शिवाला कलां थाना क्षेत्र के गांव नजरपुर मंडैय्यों निवासी शौकीन (50) सोमवार की शाम गांव के पास ही बह रही रामगंगा नहर में पशुओं को पानी पिलाने गया था। उसके साथ उसके भतीजे मुजाहिद का चार वर्षीय पुत्र अफसान भी नहर पर चला गया। नहर में इस समय काफी पानी चल रहा है। पुल के पास बनी सीढ़ियों पर खेलते समय अचानक पैर फिसलने से अफसान नहर में जा गिरा। उसे डूबता देखकर बचाने के लिए शौकीन भी नहर में कूद गया। पानी की तेज धार होने के कारण वह भी बह गया। इस दौरान वहां मौजूद बच्चों ने शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनो पानी में समा चुके थे। ग्रामीणों ने रात में ही रस्सी आदि डालकर दोनों की काफी तलाश की, लेकिन उनका पता नही लगा। मंगलवार की सुबह एक बार फिर से तलाश शुरू की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और दोनों की तलाश कराई, पर कोई नहीं मिला। अफसान मुजाहिद का इकलौता पुत्र था, जबकि शौकीन के तीन पुत्र हैं। शौकीन व अफसान के नहर में डूबने से उनके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।