तालाब में मछली पालन रोकनेे की मांग
हल्दौर। गांव कड़ापुर में स्थित तालाब में मछली पालन होने के कारण गांव के नलों का जल प्रदूषित हो गया। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत विकास खंड अधिकारी से की है।
गांव निवासी हुकुम सिंह, सचिन कुमार, रावेंद्र सिंह, हिरेंद्र सिंह, अंकित कुमार, कोमल सिंह, विरेंद्र सिंह आदि ने मंगलवार को ब्लाक कार्यालय पहुंचकर इस तालाब में मछली पालन बंद कराने की मांग की। विकास खंड अधिकारी को दिए पत्र में कहा कि मछली पालन वाले तालाब का दूषित जल उनके गांव के नलों में जाता है। नलों में दूषित जल आने से लोग उसका पानी पीकर कैंसर रोग का शिकार होने लगे हैं। हाल ही में उनके गांव में लीलावती, मुन्नी, अजमेरी, विमला, ब्रजेश कुमार, कमलेश देवी, सुरेश सिंह आदि की कैंसर से मौत हो चुकी है। इसके अलावा कई ग्रामवासी कैंसर रोग से पीड़ित हैं। उधर, बीडीओ सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की शिकायत मिल गई है, पानी की शीघ्र जांच कराई जाएगी।