ग्रामीणों ने समझा बदमाश, बाइक छोड़ भागे चारों
मकनपुर में जंगल में शहद निकालने आए थे
स्योहारा। जंगल से शहद निकालने वाले बाइक सवार चार लोगों को गांववालों ने बदमाश समझकर घेरने का प्रयास किया। मौके पर बाइक छोड़ चारों भाग निकले। अगले दिन घुमंतू जाति लोग गांव पहुंचकर बताया कि बाइक सवार दोनों लोग बदमाश नहीं उनके परिवार के लोग थे, जो जंगल में शहद निकालने आए थे। गांव वालों को आता देख, वह बाइक छोड़ भाग गए।
रविवार शाम गांव मकनपुर निवासी जगराम सिंह जंगल गया था। उसे खेत पर दो बाइकों के साथ चार लोग खड़े दिखाई दिए। उन्होंने इसकी जानकारी गांववालों को दी। कई ग्रामवासी मौके की ओर दौड़ पड़े। गांववालों को अपनी ओर आता देख चारों भाग खड़े हुए। भागते समय बदमाश अपनी एक बाइक, बाल्टी व एक लोहे की जाली मौके पर ही छोड़ गए। गांववालों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी, लेकिन सूचना देने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जगराम सिंह ने बताया कि पहले भी उनके ट्यूबवेल से पंखा मोटर आदि चोरी हो गया था।
उधर, सोमवार सुबह स्योहारा में बिजली घर के पास रह रहे घुमंतू जाति के कई लोग मकनपुर पहुंच गए। महिलाओं ने बताया कि परिवार के लोग शहद निकालने का काम करते हैं। वह रविवार शाम भी शहद तोड़ने के लिए वहां आए थे, लेकिन गांव वालों को आता देख कर डर गए और भाग गए। महिलाओं ने बाइक व अन्य सामान को अपना बताते हुए गांव वालों से सामान वापस देने की मांग की। सूचना पर सोमवार पहुंची पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में ले लिया और थाने ले आई। थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह का कहना है कि ये चोर नहीं हैं जंगल में लगे मधुमक्खी के छत्तों से शहद निकालकर बेचने का काम करते हैं। ग्रामीणों ने उन्हें बदमाश समझ लिया।