जलालाबाद/नजीबाबाद। ट्रक की चपेट में आने से एक युवती की मौत हो गई। हादसे में युवती के पिता और भाई बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद घटनास्थल से कुछ फासले पर ट्रक को पकड़ लिया गया, जबकि ट्रक चालक घटनास्थल पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
भागूवाला निवासी अब्दुल कदीर की पुत्री रुकय्या (19) जलालाबाद के राहूखेड़ी में ननिहाल आई हुई थी। रविवार सुबह अब्दुल कदीर अपने सात वर्षीय पुत्र अबुजर को साथ लेकर राहूखेड़ी से पुत्री रुकय्या को लेने आए हुए थे। सुबह करीब 11 बजे अब्दुल कदीर पुत्री व पुत्र को राहूखेड़ी से वापस घर भागूवाला ले जाने के लिए स्कूटी से निकले थे। जलालाबाद में नगर पंचायत कार्यालय के निकट फ्लाईओवर पर मुड़ते ही बिजनौर दिशा से आए ट्रक की टक्कर लगने से स्कूटी गिर गई।
स्कूटी पर सवार कदीर और उनका पुत्र अबुजर अलग गिरे, जबकि रुकय्या ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कदीर व अबुजर को मामूली चोटें आईं। ट्रक चालक घटनास्थल से ट्रक भगाकर ले गया। लोगों ने पीछा कर कुछ फासले पर ट्रक को पकड़ लिया, तब तक चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला था। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। रुकय्या की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बगैर पोस्टमार्टम रुकय्या का शव भागूवाला ले गए।
घटना के बाद घटनास्थल पर भयंकर जाम लग गया। नजीबाबाद व जलालाबाद पुलिस ने जाम खुलवाया। मौके पर पहुंचे एसडीएम एसके सिंह को चेयरपर्सन पति लियाकत अंसारी, क्षेत्रवासियों याकूब कुरैशी, शारिक समीर, शाहिद, नदीम शेख, महबूब कुरैशी ने फ्लाईओवर क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की।