बिजनौर। बिजनौर नगर पालिका में रालोद ने ब्राह्मण कार्ड खेल दिया है। बिजनौर नगर पालिका से एवीआई क्लासेज के डायरेक्टर योगेश शर्मा की पत्नी मोनिका शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। मोनिका शर्मा अब तक सपा का टिकट मांग रही थीं। रालोद के ब्राह्मण कार्ड खेलने से भाजपा प्रत्याशी के खेमे में खलबली मची है।
भाजपा से पूर्व नगर अध्यक्ष नीरज शर्मा की पत्नी सुषमा शर्मा व सविता शर्मा बिजनौर नगर पालिका से टिकट मांग रही थीं। सुषमा शर्मा का टिकट पक्का माना जा रहा था। कहा जा रहा था कि बिजनौर नगर पालिका में ब्राह्मण पर दांव खेलेगी। ऐन वक्त पर टिकट वैश्य समाज की नीता अग्रवाल को थमा दिया गया। अब तक इस सीट पर भाजपा पहले से ही वैश्य बिरादरी को ही टिकट मिला है। भाजपा से जुड़ीं अन्य जातियों में इस बात को लेकर नाराजगी थी। वे नहीं चाहती थी कि इस बार वैश्य बिरादरी को टिकट मिले। नीता अग्रवाल को टिकट मिलने से ब्राह्मण समाज के साथ अन्य बिरादरी के लोग भी नाराज हो गए हैं। ब्राह्मण समाज ने बिजनौर नगर पालिका से ब्राह्मण प्रत्याशी को उतारने का निर्णय लिया। एवीआई के डायरेक्टर योगेश शर्मा की पत्नी मोनिका सपा से टिकट मांग रही थीं। उन्हें टिकट नहीं दिया गया। ब्राह्मण समाज के बड़े नेताओं ने योगेश शर्मा की पत्नी को चुनाव लड़ने के लिए तैयार किया। मोनिका शर्मा को रालोद ने टिकट दे दिया। सोमवार को मोनिका शर्मा ने दलबल के साथ रालोद से अपना पर्चा भर दिया। मोनिका शर्मा के पर्चा भरने से भाजपा का टिकट न मिलने से नाराज दावेदारों ने लामबंदी शुरू कर दी है। भाजपा में इसे लेकर खलबली मची हुई है। मोनिका शर्मा के पति योगेश शर्मा के मुताबिक नामांकन पत्र दाखिल करते ही उन्हें कई बिरादरियों का समर्थन मिलना शुरू हो गया है। बड़ी तादाद में लोग चुनाव लड़ाने के लिए उनके पास आ रहे हैं। हर संभव चुनाव में लोग मदद करने का भरोसा दे रहे हैं।