हल्दौर। गांव अम्हेड़ा में डेंगू ने पैर पसार लिए हैं। बिजनौर के निजी अस्पतालों में भर्ती गांव के चार लोगों को डेंगू की पुष्टि होने से खलबली मच गई है। कई लोग बुखार की चपेट में हैं।
गांव अम्हेड़ा में कई दिनों से बुखार ने अपनी चपेट में ले रखा हैै। गांव की शाहना, नरगिस, रियान, रुखसार, बबलू समेत कई लोग बुखार से पीड़ित है। सभी बुखार के रोगी गांव व आसपास के निजी चिकित्सकों के यहां उपचार करा रहे हैं। गांव के गंभीर हालत में बुखार से पीड़ित जीशान अहमद, रियाज अहमद, मोबीन हुसैन, ओमप्रकाश सिंह समेत चार रोगियों को उपचार के लिए बिजनौर के निजी चिकित्सालयों में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार चिकित्सकों ने रोगियों की मेडिकल जांच के आधार पर डेंगू होने की पुष्टि की है। गांव में डेंगू फैलने की सूचना पाकर बुखार के रोगियों में हड़कंप मचने लगा हैं। रोगियों के परिजनों ने चिकित्सकों से गांव पहुंचकर बुखार पीड़ितों के स्वास्थ्य की जांच कर उपचार कराने की मांग की है। सीएचसी प्रभारी मदनपाल सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। गांव में टीम भेजकर रोगियों की जांच कर उपचार कराया जाएगा।