अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने मेरिट लिस्ट में गड़बड़ी के विरोध में जेएस हिंदू पीजी कालेज में हंगामा खड़ा कर दिया। हंगामा करते हुए प्रवेश कक्ष पर ताला जड़ दिया। करीब दो घंटे तक प्रवेश प्रक्रिया बाधित रही। सपा छात्र सभा ने प्रवेश प्रक्रिया बंद कराने का विरोध किया। जिससे दोनों संगठनों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।
एमजेपी रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय बरेली द्वारा बीए, बीकॉम की मेरिट लिस्ट में गड़बड़ी के चलते छात्रों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रवेश प्रक्रिया की अंतिम तिथि नौ अगस्त है। मंगलवार की सुबह एबीवीपी कार्यकर्ता जेएस हिंदू कालेज पहुंचे। प्रवेश प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायतों को लेकर हंगामा किया और प्रवेश प्रक्रिया बंद करा दी। एबीवीपी की इस कार्यप्रणाली से सपा छात्र सभा विरोध पर उतर आयी। दोनों संगठन आमने-सामने आ गए। जमकर तीखी नोकझोंक हुई। तनातनी होने लगी। स्टाफ व अन्य छात्रों ने हस्तक्षेप कर दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं को शांत किया। तब कहीं प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो सकी। इस दौरान कॉलेज में प्रवेश लेने पहुंचे छात्र-छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। एबीवीपी कार्यकर्ताओं के कहने पर प्राचार्या ने रजिस्टार से वार्ता की, मेरिट लिस्ट में गड़बड़ी को सही कराने की मांग की। इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ता शांत हुए और कालेज में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हुई।
मेरिट लिस्ट में तमाम गड़बड़ी सामने आई है
अमरोहा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग संयोजक गौरव गुर्जर ने बताया कि विश्वविद्यालय स्तर से जो मेरिट जारी हुई है, उसमें तमाम गड़बड़ी सामने आई हैं। अधिक अंक वाले छात्र-छात्राओं को भी प्रवेश नहीं मिल रहा है। जबकि कम अंक वाले स्थान पा रहे हैं। विश्वविद्यालय की गलती का खामियाजा छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। छात्रों का अहित नहीं होने दिया जाएगा। मेरिट लिस्ट में चल रही गड़बड़ी को लेकर ही कालेज में प्रदर्शन करते हुए प्रवेश प्रक्रिया बंद कराई गई। मेरिट को संशोधित कराने का आश्वासन मिला है। इसके बाद प्रवेश प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। कालेज अध्यक्ष प्रेम नारायण, गौरव चौधरी, पंकज कुमार, विपिन कुमार, सुमित, अंकुर, अमन, मोहित, आकाश, अर्पित, अमन, मोहित, दिनेश चहल आदि एबीवीपी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सपा छात्र सभा ने प्राचार्या को ज्ञापन सौंपा
अमरोहा। सपा छात्र नेता फराज सिद्दीकी ने मंगलवार को छात्रों के साथ प्राचार्या को ज्ञापन सौंपा। कहा कि किसी भी छात्र या संगठन द्वारा महाविद्यालय के कार्यों में बाधा, तालाबंदी जैसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। सपा छात्र नेता के साथ शानू, शादाब, सलमान मंसूरी, जमशेद, बकार अहमद, हरदेेश सिंह आदि थे।
विश्वविद्यालय स्तर से जो मेरिट जारी हुई है, इसमें कुछ त्रुटि सामने आई हैं, इस संबंध में विश्वविद्यालय को अवगत कराते हुए संशोधन की मांग की गई है। प्रवेश प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी नहीं होगी। किसी का अहित नहीं होने दिया जाएगा। छात्र-छात्रा प्रवेश प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न न करें।
- वंदना रानी गुप्ता, प्राचार्या जेएस हिंदू पीजी कालेज अमरोहा।