गाड़ी पर सवार दो अन्य दोस्त हुए घायल
तीनों लोग काम से धामपुर जा रहे थे
किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था
फोटो एक
धामपुर। हाईवे 74 पर गांव हबीबवाला के निकट सांई मंदिर के पास रोडवेज बस और बाइक की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी से हालत गंभीर होने के कारण हायर सेंटर रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि किसी ने भी हेलमेट नहीं लगा रखा था।
नगीना के मोहल्ला कायस्थान निवासी घायल प्रमोद कुमार ने बताया कि वह, मोहल्ले का सुनील व बलराम जब बाइक से गुरुवार दोपहर धामपुर की ओर जा रहे थे। हाईवे 74 पर गांव हबीबवाला के पास साईं मंदिर के निकट नगीना की ओर से तेज गति से आ रही रोडवेज बस ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे पर काफी दूर घिसटती हुई सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। इस दौरान बलराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे और साथी सुनील को काफी चोटें आई हैं। इतनी जानकारी देने के बाद प्रमोद बेहोश हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया और शव को साथ ले गई। डाक्टरों ने दोनों की हालत को गंभीर मानते हुए हायर सेंटर भेजा गया है। बताया गया है कि यह तीनों हलवाई गिरी का काम करते हैं। अपने कारोबार के हिसाब से किसी काम से धामपुर जा रहे थे। उधर, पुलिस ने बस को नगीना चौराहे से पकड़ लिया है। चालक मौका पाकर फरार हो गया। परिजनों द्वारा अभी घटना की तहरीर नहीं दी गई है।