बिजनौर (ब्यूरो)। मंदसौर में किसानों पर गोलीबारी करने वाले दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई व सभी किसानों का शत प्रतिशत कर्जा माफ करने के लिए भाकियू ने जिले भर में चक्का जाम कर दिया। किसान सड़कों पर योग की मुद्रा में बैठ गए। जिला मुख्यालय पर किसान नेशनल हाईवे 74 बैराज रोड पर धरना देकर बैठ गए। धरने से उठाने की बात पर किसानों व कोतवाल में नोकझोंक हो गई। किसानों का धरना सुबह नौ से 11 बजे तक चला।
किसान सुबह नौ बजे से कुछ मिनट पहले ही बैराज रोड पर चक्कर रोड के सामने पहुंच गए और नौ बजे चक्का जाम कर दिया। किसानों ने सड़कों पर वाहन खड़े कर दिए और चक्का जाम करके बैठ गए। करीब दस बजे शहर कोतवाल प्रेमवीर राणा पुलिस के साथ धरनास्थल पर पहुंचे और किसानों को नेशनल हाईवे पर धरने उठने को कहा। किसानों के साथ उनकी नोकझोंक हो गई। थोड़ी देर बाद कोतवाल पुलिस के साथ वहां से चले गए। वक्ताओं ने कहा कि किसान की चिंता नहीं है, सरकार को योग की चिंता है। योग के लिए पूरे प्रशासन को लगाया जा रहा है। कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों का कर्जा माफ करने व अन्य घोषणाएं की थीं, लेकिन अब तक उनको पूरा नहीं किया है। देश के प्रधानमंत्री ने किसानों से झूठ बोला है। हक मांगने वाले किसानों पर अब फायरिंग की जा रही है। प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम वित्त एवं राजस्व सुरेंद्र राम व तहसीलदार राजेश वर्मा को सौंपा। ज्ञापन में डा.एमएस स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, फसलों के दाम लागत में 50 प्रतिशत मुनाफा जोड़कर तय करने, सभी किसानों का कर्ज माफ करने, मंदसौर में किसानों पर गोली चलाने वाले दोषी अधिकारियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करने, यूपी व मध्य प्रदेश में आंदोलन के दौरान जेल भेजे गए। किसान नेताओं को बिना शर्त रिहा करने, जैव परिवर्तित बीजों को देश में अनुमति न देने की मांग की। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मवीर सिंह धनकड़, प्रदेश महासचिव ठाकुर रामअवतार सिंह, मंडल महासचिव अतुल कुमार, राजेंद्र सिंह, मनोज कुमार, दीपक कुमार, धर्मेंद्र राणा, मुनिदेव आदि किसान मौजूद रहे।
नहीं रोकी एंबुलेंस
किसानों ने एंबुलेंस को जाने के लिए रास्ता दिया। मरीजों से मिलने जा रहे कुछ राहगीरों को भी किसानों ने जाने दिया। हालांकि सड़क के इधर-उधर से निकलने की कोशिश कर रहे लोगों को न रोकने पर किसानों ने गुस्सा जताया तो पुलिस ने खुद राहगीरों को रोका।
राहगीर रहे परेशान
धरने के दौरान राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। पुलिस ने रूट डायवर्ट किया। बैराज रोड से आने वाली बसें धरनास्थल से पहले ही रुक गई। बसों में सवार यात्री बाद में ई-रिक्शा से अपने गंतव्यों की ओर रवाना हुए।
------------
वादाखिलाफी का आरोप लगाया
हल्दौर। भाकियू के पश्चिम यूपी के महासचिव राजेंद्र सिंह की अगुवाई में अनेक किसान बुधवार की सुबह नौ बजे स्थानीय बालकिशनपुर चौराहे पर एकत्र हुए। किसानों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर चौराहे पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जाम लगा दिया। किसानों ने करीब दो घंटे तक जाम लगाया। धरना स्थल पर मूला सिंह फौजी, मास्टर गिरिराज सिंह, युवराज सिंह, घनश्याम सिंह, हुकम सिंह, विजयपाल सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं किरतपुर में भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष देवदत्त शर्मा के नेतृत्व में किसानों ने नगीना चौराहे पर प्रदर्शन किया। किसानों ने केंद्र सरकार पर किसानों के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाया। धरना स्थल पर चौधरी कुंदन सिंह, दिनेश चौहान, पदमवीर चौहान, बुद्ध सिंह चौहान, नरदेव सिंह, वीरेंद्र सिंह आदि रहे।
रूट डायवर्ट कर वाहनों को निकाला
कोतवाली देहात। भाकियू ने राष्ट्रीय आह्वान पर मांगों को लेकर गौंसपुर चौराहे पर तीन घंटे जाम लगाया। मंडल महासचिव चौधरी सूरपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं से तीन जुलाई को जिला मुख्यालय पर होने वाले धरना प्रदर्शन में अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। धरना प्रदर्शन में क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों के किसानों ने भाग किया। जाम के दौरान हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। पुलिस ने रूट डाइर्जन कर वाहनों को निकाला। नितिन सिरोही, सुनील त्यागी, मास्टर मांगू सिंह, अब्दूल गफ्फर, यशवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
चंदक। भाकियू कार्यकर्ताओं ने कर्ज माफी व अन्य मांगो को लेकर बिजनौर हरिद्वार मार्ग स्थित दौलतपुर चौराहे पर दो घंटे जाम लगाया। कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार को किसान विरोधी सरकार बताया। जाम में किसान सुरेंद्र, राजपाल, महीपाल, कलवा, शेखर हेमंत व जितेंद्र आदि मौजूद रहे। वहीं गंजदारानगर में भाकियू कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर पृथ्वीपुर फार्म के सामने सड़क पर जाम कर धरना प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन में राकेश कुमार, बृहमपाल सिंह, चौधरी कुलवीर सिंह, धर्मेंद्र राणा, प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।
पहले योग किया फिर लगाया जाम
हीमपुरदीपा। गांव रौनिया के पास भाकियू कार्यकर्ताओं ने चांदपुर-बिजनौर मार्ग जाम किया। कार्यकर्ताओं ने सुबह से ही सड़क को जाम कर दिया और सड़क पर बैठ गए। भाकियू कार्यकर्ताओ ने पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुऐ जाम खोल दिया। कार्यकर्ताओं ने लगभग दो घंटे तक सड़क को जाम रखा। वहीं नूरपुर में नौ बजे भाकियू के नेतृत्व में किसान झंडा चौक पर एकत्र हुए। जहां किसानों ने पहले योग किया उसके बाद वहां अपनी मांगों को लेकर जाम लगा दिया। भाकियू की ओर से ब्लाक अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण शर्मा ने एसएसआई रामचंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर दोपहर 12 बजे जाम खोला। इस दौरान नागेंद्रपाल सिंह, विक्रम सिंह शिवनाथ सिंह, सतेंद्र सिंह, रूपकिशोर, सुभाष, सागर, आदि काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।
हक के लिए जगह-जगह हाईवे पर लगाया गया जाम
कहा-कर्ज माफी के नाम पर किसानों को ठगा गया
फोटो