170 अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में मिला रोजगार
बिजनौर। जिला सेवायोजन कार्यालय में सोमवार को रोजगार मेला व कैरियर काउंसिलिंग का आयोजन किया गया। मेले में 170 अभ्यर्थियों को रोजगार दिया गया। डीएम ने युवाओं को जॉब ऑफर लेटर वितरित किए।
रोजगार मेले का शुभारंभ डीएम रमाकांत पांडेय ने फीता काटकर किया। रोजगार मेले में नवभारत फर्टिलाइजर्स, मेक ऑर्गेनिक इंडिया, स्वान प्राइवेट लिमिटेड न्यू यूनिकेयर हेल्थ सॉल्यूशंस लार्सन एंड टुब्रो कंस्ट्रक्शन, व मोहित पेपर मिल लिमिटेड द्वारा प्रतिभाग किया गया। सुबह से ही अभ्यर्थी रोजगार मेले में एकत्र होने शुरू हो गए थे। मेले में 780 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। डीएम ने कहा कि अभ्यर्थी अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुसार अधिष्ठान चुनकर उसमें रोजगार प्राप्त करें। वहां से अनुभव प्राप्त कर आगे बढ़ें। प्रारंभ में अनुभव न होने के कारण आपको वेतन जरूर कम मिलेगा लेकिन अनुभव बढ़ने पर वेतन बढ़ता चला जाएगा। कॅरियर काउंसलिंग की अध्यक्षता सहायक निदेशक क्षेेत्रीय सेवायोजन कार्यालय कमल किशोर व संचालन पंकज सिंह व राकेश शर्मा ने किया। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर परिविक्षाधीन रामकेश सिंह, अभिसार गुप्ता, कपिल पाराशर, सनी तोमर, जितेंद्र शर्मा, उपेंद्र कुमार, आशा देवी, एकता गौड़, आलोक शर्मा, जागेंद्र शर्मा, संजय कुमार आदि मौजूद रहे।
चार अक्तूबर तक लें प्रवेश
बिजनौर। राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य मुकेश शर्मा ने बताया कि राजकीय आईटीआई बिजनौर, नगीना, धामपुर, नजीबाबाद व अफजलगढ़ में प्रवेश पूरे न होने के कारण स्थान रिक्त हैं। मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों की सूची चस्पा की गई है। चार अक्तूबर की शाम पांच बजे तक प्रवेश लिया जा सकता है। महिलाओं के लिए राजकीय आईटीआई में स्कीइंग टेक्नोलोजी में एक, अफजलगढ़ में फैशन डिजाईनिंग में 25 सीट रिक्त हैं।