महादेव के भक्तों पर चढ़ा देशभक्ति का रंग
बिजनौर। भोले के भक्तों पर महाशिवरात्रि पर देशभक्ति का रंग भी चढ़ा हुआ। कांवड़ों पर शिवभक्त तिरंगा लहराकर चल रहे हैं। तिरंगा कांवड़यात्रा में देशभक्ति का रंग भी घोल रहा है। डीजे पर भी महादेव की महिमा के साथ साथ देशभक्ति गीत भी खूब बजाए जा रहे हैं। इन गीतों पर थिरकते हुए भोले के भक्त कांवड़ लेकर आ रहे हैं।
महाशिवरात्रि का रंग शिव के भक्तों पर चढ़ा हुआ है। अमरोहा, मुरादाबाद, शाहजहांपुर, संभल, बुलंदशहर, बरेली आदि जिलों के कांवड़िये जिले से होकर जाने लगे है। इन कांवड़ियों पर महादेव की भक्ति के साथ साथ देशभक्ति का रंग भी चढ़ा है। लगभग सभी कांवड़ पर तिरंगा लहराता नजर आ रहा है। कांवड़ियों के साथ चलने वाले उनके साथी हाथों में बड़े तिरंगे लेकर चल रहे हैं। कांवड़ यात्रा में हर हर महादेव के साथ साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष गूंज रहे हैं। जिले के भक्तों ने भी हरिद्वार जाने की तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने टोली बनाकर हरिद्वार कूच किया। इनके वाहनों पर डीजे भी लगा रहा। डीजे पर देशभक्ति गीत बजते रहे। कांवड़ियों की सेवा के लिए लगाए गए शिविरों में भी तिरंगा लगाया गया है। शनिवार को जिले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लाने हरिद्वार रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री पर बना गीत पसंदीदा
कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बना गाना डीजे बजवा दिए योगी ने रंग जमा दिए योगी ने कांवड़ियों का पसंदीदा बना हुआ है। अधिकतर डीजे पर यही गाना बजता नजर आ रहा है। कांवड़िये इस गाने पर थिरकते हुए अपने गंतव्यों को बढ़ रहे हैं।