वकीलों ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन
बिजनौर। बार कौंसिल ऑफ इंडिया के आह्वान पर वकील सोमवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे। वकीलों ने जिला बार के नेतृत्व में वकीलों के कल्याणार्थ योजना शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम विनोद कुमार गौड़ को दिया। वकील मंगलवार को भी अपनी मांगों के समर्थन में न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे।
जिला बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जय सिंह की अध्यक्षता, महासचिव नवदीप सिंह के संचालन में हुई बैठक में बार कौंसिल द्वारा वकीलों के कल्याण के लिए उठाई गई मांगों का समर्थन किया गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष जय सिंह, महासचिव के नेतृत्व में वकीलों का एक जत्था कलक्ट्रेट पहुंचा और वहां अपना ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बार कौंसिल ऑफ इंडिया की मांग के समर्थन में कहा गया कि वकीलों व वादकारियों के कल्याण के लिए केंद्रीय बजट में पांच हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था जाए। नए रजिस्ट्रेशन कराने वाले वकीलों को पांच साल तक दस हजार रुपये प्रति माह भत्ता दिया जाए, वकीलों की मौत पर परिजनों को एकमुश्त राशि मिलनी चाहिए। इसके अलावा वकीलों के बैठने के लिए चैंबर दिए जाने की भी मांग की गई। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष सत्यप्रकाश चौहान, यशपाल सिंह, राजीव कुमार, चंद्रवीर सिंह गहलोत, रीता सिंह, साधना रस्तोगी, गजेंद्रपाल सिंह, मनोज चंदोक, संदीप कुमार, राहुल चौधरी, शिव कुमार आदि मौजूद रहे।