कार्बेट में पैदल घूमने पर जुर्माना
कालागढ़(बिजनौर)। कार्बेट पार्क घूमने आए 15 पर्यटकों पर कार्बेट पार्क प्रशासन ने जंगल में पैदल घूमने पर 75 हजार जुर्माना लगाया। उप प्रभागीय वनाधिकारी आरके तिवारी ने बताया कि पर्यटकों का पार्क में पैदल भ्रमण वर्जित है। जिस पर यह कार्रवाई की गई है। पार्क के भ्रमण पर आए हरियाणा के 15 पर्यटकों का पार्क में भ्रमण कराने वाली चालक से किसी बात पर विवाद हो गया। जिसके कारण पर्यटक उसकी जिप्सी से उतर कर जंगल में पैदल ही भ्रमण करने लगे। जिसकी सूचना मिलते ही पार्क के वनक्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंच गए। पर्यटकों से वाहन में बैठने को कहा गया। जिस पर पर्यटकों ने जिप्सी चालक की शिकायत की। विवाद बढ़ जाने पर मौके पर उच्च अधिकारी भी पहुंच गए। कालागढ़ के उप प्रभागीय वनाधिकारी आरके तिवारी ने बताया कि पर्यटकों ने नियम तोड़ा है। जिस पर प्रत्येक पर्यटक पर पांच हजार का जुर्माना लगाया गया। सभी 15 पर्यटकों पर 75 हजार जुर्माना किया गया। वही जिप्सी चालक को भी हिदायत दी गई है।