‘बैंक घोटाले की जिम्मेदार मोदी सरकार’
बिजनौर।
कांग्रेसियों ने मोदी सरकार को घोटालों की सरकार बताता। कार्यकर्ताओं ने पीएनबी में हुए अरबों रुपये के घोटाले के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम वीके सिंह को देते हुए मोदी सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।
पार्टी कार्यालय पर हुई बैठक में जिलाध्यक्ष बाबू डूंगर सिंह ने कहा कि मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है। महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है। देश में किसान त्रस्त हैं। कहा कि पीएनबी का घोटाला भाजपा की मिलीभगत से हुआ है। देश के प्रधानमंत्री जनता का पैसा लुटवा रहे हैं। 2019 में देश की जनता मोदी सरकार को इसका जवाब देगी। पूर्व विधायक फूल कुंवर ने कहा कि भाजपा नेताओं ने जनता से झूठे वादे कर सत्ता हासिल की है। देश में विकास पूरी तरह रुक गया है। इसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे और ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में कहा गया कि मोदी सरकार ने 2014 में न खाऊंगा और न खाने दूंगा का नारा दिया था। अब केंद्र सरकार का नारा खाऊंगा, खाने दूंगा और भगा दूंगा हो गया है। मोदी सरकार द्वारा देश की गरीब जनता का पैसा लुटाया जा रहा है। केंद्र सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए बर्खास्त करने की मांग की है। इस दौरान नजाकत अलवी, मीनू गोयल, डॉ. आफताब अंसारी, हुमायूं बेग, जयावती चौहान, शेर सिंह, मुनीश त्यागी, साजिद हुसैन, अवनीश कुमार, गुलशन कुमार, चितवन शर्मा आदि मौजूद रहे।