बिजनौर । एचटी लाइन के जर्जर तार टूटने से एक किसान के खेत में खड़ा सात बीघा गन्ना जल गया। किसान के पास केवल सात बीघा गन्ना ही था। किसान ने विद्युत निगम के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
गांव भरैरा निवासी किसान रामकुमार के अनुसार उसके पास केवल दस बीघा जमीन है। इसी में खेती करके वह अपने परिवार की गुजर बसर करता है। इसमेें से सात बीघा जमीन में गन्ना बो रखा था। उसके खेत के ऊपर से एचटी लाइन के जर्जर तार गुजर रहे हैं। वह कई बार अधिकारियों से तार बदलवाने की मांग कर चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को एचटी लाइन के तार फाल्ट से टूटकर खेतों में गिर गए। तारों से निकली चिंगारी से उसका गन्ना जल गया। किसान के अनुसार उसके खेत में आग लगने के जिम्मेदार विद्युत निगम के अधिकारी और कर्मचारी हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई व उसके नुकसान की भरपाई की गुहार की है।
बौंड की गन्ना पर्ची दिलाने की मांग
गजरौलाशिव (ब्यूरो)। गांव गजरौलाशिव के किसानों प्रमोद, नरेंद्र, दिनेश, रामकुमार आदि ने एसडीएम कार्यालय में पत्र देकर बताया कि उन्हें बौंड की गन्ना पर्ची नहीं दी जा रही है। अब तक उनके खेतों में गन्ना पैड़ी खड़ी है। नई फसल बोने के लिए खेत खाली नहीं हो पा रहे हैं। किसानों ने बौंड की पर्ची जारी कराने की मांग की है।