मनकुआं को तीन गुना बड़ा बनाया परीक्षा केंद्र
नींदडू ़। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने पुराने परीक्षा केंद्रों को काट दिया है और नये सेंटर बना दिए हैं। कई कॉलेजों को तो संसाधनों का अभाव होने के कारण भी उनकी क्षमता से तीन गुना बना सेंटर बना दिया गया है। अब इन कॉलेजों के प्रधानाचार्य असमर्थता व्यक्त कर रहे हैं।
सर सैय्यद स्मारक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करीब डेढ़ दशक से यूपी बोर्ड का परीक्षा केंद्र चला आ रहा था। इस बार बोर्ड ने उसे परीक्षा केंद्र नहीं बनाया। उधर, गांधी इंटर कॉलेज मनकुआं को 1054 परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जो उसकी क्षमता से तीन गुना बड़ा है। प्रधानाचार्य नरेश कुमार के मुताबिक कॉलेज में बेहतर स्थिति के 10 कमरों में परीक्षा कराई जा सकती है। उनमें एक साथ 350 परीक्षार्थी इम्तेहान दे सकते हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में चस्पा सूची में गांधी इंटर कॉलेज को हाई स्कूल के 587, इंटरमीडिएट के 467 कुल 1054 परीक्षार्थी आवंटित किए गए हैं। यह संख्या वास्तविक तादाद से तीन गुनी है। उन्होंने इस बाबत जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को सूचना देते हुए स्पष्ट किया है कि वह कालेज में 400 परीक्षार्थियों से अधिक की परीक्षा कराने में असमर्थ हैं। दूसरी ओर, डीआईओएस कार्यालय से इस प्रकार की विसंगतियों का ब्यौरा बोर्ड को भेजा जा रहा है। सर सैय्यद स्कूल के प्रबंधक नजाकत हुसैन ने बताया कि इस बार बोर्ड ने क्षेत्र में सर सैय्यद, जनता इंटर कॉलेज जैतरा को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया है। इससे मनकुआं कॉलेज पर परीक्षार्थियों का दबाव बढ़ गया है।