अस्पताल के कर्मचारियों समेत 16 लोग कोरोना पॉजिटिव
बिजनौर। नजीबाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और यहीं के निजी अस्पताल के एक कर्मचारी सहित जिले में 16 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इन सभी की रैपिड एंटीजन किट से हुई जांच में पुष्टि हुई है। इन मरीजों को कोविड केयर सेंटर स्वाहेड़ी और कोविड हॉस्पिटल मुरादाबाद भेजा गया है।
सीएमओ डा. विजय कुमार यादव ने बताया सोमवार को कुल 16 मरीजों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आए। इनमें अफजलगढ़ के मोहल्ला नेजो सराय निवासी 18 और 25 वर्षीय युवतियां, 52 साल का व्यक्ति, 12 वर्षीय बालक, 20 वर्ष, 24 वर्ष और 32 साल के युवक, मोहल्ला नायक सराय का 24 वर्षीय युवक, इसी क्षेत्र के गांव सीरवासुचंद निवासी 25 वर्षीय युवती, नजीबाबाद के मोहल्ला सविता विहार की 46 साल की महिला, यहीं के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का 49 वर्षीय कर्मचारी, निजी अस्पताल का 25 साल का कर्मचारी, मोहल्ला मछली बाजार का 50 वर्षीय व्यक्ति, धामपुर स्थित पंजाबी कॉलोनी निवासी 52 साल का व्यक्ति, गांव कलाली की रहने वाली चार वर्षीय बच्ची, गांव हैजरपुर निवासी 32 साल की महिला और नूरपुर के गांव रेहड़वा का रहने वाला 49 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इन मरीजों को कैटेगरी के हिसाब से लक्षण विहीन कोविड केयर सेंटर स्वाहेड़ी और लक्षणयुक्त रोगियों को तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी मुरादाबाद के कोविड हॉस्पिटल में भेज दिया गया है।
जिले भर से अब तक कुल 20 हजार 436 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा चुके हैं, जिनमें से कुुल 19 हजार 416 जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी हैं। अब तक कुल 655 कोरोना पॉजिटिव निकल चुके हैं, जबकि 17 हजार 708 जांच रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी हैं, 505 लोग ठीक होकर अपने घरों को लौट चुके हैं और आठ लोगों की मौत हुई है। वर्तमान में एक्टिव पॉजिटिव केस की संख्या 142 है। अभी 1020 जांच रिपोर्ट प्रतीक्षित हैं।