मुस्लिमों ने सीओ को सौंपा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन
अफजलगढ़। मुस्लिम समुदाय के लोग जुमे की नमाज के बाद जामा मस्जिद पर एकत्र हुए। वहां से जुलूस की शक्ल में सब्जी मंडी बस स्टैंड होते हुए कोतवाली पहुंचे और सीओ को राष्ट्रपति से संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया कि भारत में गोरक्षा और श्रीराम के नाम पर मुस्लिमों को जिस तरह से भीड़ पीट पीटकर हत्या कर रही है, उससे पूरे मुस्लिमों में रोष है। दादरी के अखलाक से आरंभ हुए मौत के इस तांडव ने झारखंड के तबरेज अंसारी को अपनी चपेट में ले लिया।
तबरेज अंसारी को भीड़ ने मारने के बाद पुलिस के हवाले किया। तब वह सही था, परंतु पुलिस हिरासत में उसकी मौत हो गई। अल्पसंख्यकों के खिलाफ बन रहे इस माहौल से मुसलमान भयभीत हैं। राष्ट्रपति स्वयं संज्ञान लेकर समस्त राजनैतिक पार्टियों की लोकसभा व राज्यसभा में बैठक बुलाकर ऐसा कानून पारित करें, ताकि कोई भीड़ किसी भी व्यक्ति को मारे और वह व्यक्ति मर जाए तो भीड़ में शामिल हर शख्स पर सख्त कार्रवाई हो। जिस क्षेत्र में इस तरह की घटना हो, वहां के पुलिस प्रभारी व दूसरे प्रशासनिक अधिकारियों को बराबर का मुजरिम समझते हुए उन्हें तुरंत बर्खास्त किया जाए।