बिजनौर। जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने उपायुक्त, जिला उद्योग केंद्र को निर्देश दिए कि नगीना काष्ठ कला उद्योग को विकसित करने तथा स्थानीय उद्यमियों को आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कॉमन सर्विस सेंटर की स्थापना हेतु प्रस्ताव शासन को प्रेषित करें। इसके लिए आवश्यक भूमि काष्ठ कला उद्यमियों द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में उद्योग से संबंधित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने बिजनौर तथा दारानगरगंज में स्थापित उद्योगों की सुरक्षा और वहां चोरी की वारदातों को रोकने के लिए पुलिस उपाधीक्षक को निर्देश दिए कि रात्रि में नियमित रूप से औद्योगिक आस्थानों में पुलिस पेट्रोलिंग की नियमित एवं समुचित व्यवस्था करें।
उन्होंने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि जिले को औद्योगिक क्षेत्र में विकसित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। नए उद्योगों की स्थापना के लिए उद्यमियों को शासन द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराते हुए जिले में उद्योगों की स्थापना के प्रोत्साहित और प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि बिजनौर में एक जिला स्तरीय उद्यमी कार्यशाला एवं सेमीनार का आयोजन कर उसमें उद्यमियों एवं व्यापारियों को आमंत्रित करें। उसमें बैंकों, खादी ग्रामोद्योग सहित अन्य संबंधित अधिकारियों द्वारा शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण मिश्र, उपायुक्त उद्योग, अमिता वर्मा रस्तोगी समेत अन्य संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।