पदाधिकारियों के व्यवहार से कार्यकर्ता खफा
बिजनौर। बिजनौर विधानसभा की भाजपा गजरौला शिव मंडल की बैठक में जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों पर गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया गया। मंडल सदस्यों ने पार्टी के सभी कार्यक्रमों के बहिष्कार का एलान किया है।
बैठक में मंडल सदस्यों ने कहा कि पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उनकी कोई सुध नहीं ले रहे हैं। मंडल के सदस्य हर चुनाव और पार्टी के कार्यक्रमों में पूरी जी जान लगा देते हैं। लेकिन उनसे कोई सही व्यवहार तक करने को तैयार नहीं है। पार्टी नेताओं के व्यवहार से वे परेशान हो चुके हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि जब तक कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं होगा तब तक पूरी मंडल कार्यकारिणी कोई कार्य नहीं करेगी। सभी कार्यक्रमों का भी बहिष्कार करेगी। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष विष्णु पद, संचालन मंडल महामंत्री देवेंद्र मलिक ने किया। बैठक में जिला मंत्री सविता शर्मा, राजेंद्र सिंह, मंडल संयोजक विजेंद्र सिंह, सूरज सिंह, संजय एडवोकेट, विपिन चौधरी, जितेंद्र पाल, डॉ. कुलदीप, मुनेश, मीनम शर्मा, हैप्पी शर्मा, मोहन आदि मौजूद रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव सिसौदिया के अनुसार वे मामले को दिखवा रहे हैं। कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान दिया जा रहा है।
बंदरों से निजात दिलाने की मांग
बिजनौर। मोहम्मदपुर देवमल ब्लॉक की ग्राम पंचायत फिरोजपुर मुबारक में बंदरों ने गांव वालों का जीना मुहाल है। गांव वालों ने डीएफओ को पत्र देकर बताया कि गांव आसपास सैकड़ों बंदर आए दिन किसी न किसी को काटते रहते हैं। बंदरों के आतंक से स्कूल में बच्चों की पढ़ाई तक नहीं हो पा रही है। डीएफओ से बंदरों से निजात दिलाने की मांग की है। इस दौरान विरेश कुमार, शीशपाल, रोबिना, मुखिया, संदीप, बबीता, कमलेश, वंश, धर्मेंद्र आदि गांव वाले मौजूद रहे।