परीक्षा की तैयारी में जुटे शिक्षक
बिजनौर। परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों की वार्षिक परीक्षा मार्च के महीने में होनी है। स्कूलों में शिक्षकों ने अभी से परीक्षा की तैयारी करनी शुरू कर दी है। 1,79,600 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परिषदीय स्कूलों में एक अप्रैल से नया शिक्षा सत्र शुरू होना है। मार्च के महीने में वार्षिक परीक्षा भी होनी तय है। इसके लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने शिक्षकों को अभी से परीक्षा संबंधी तैयारी करने के निर्देश शिक्षकों को दिए हैं। बीएसए महेश चंद्र ने परीक्षा में लगे शिक्षकों को जिस दिन ड्यूटी नहीं है उन दिनों में विद्यालयों में उपस्थिति रहकर शिक्षण कार्य कराने के निर्देश दिए हैं। ताकि स्कूलों में बच्चों का शिक्षण कार्य भी पूर्व की भांति चलता रहे। परिषदीय स्कूलों में निरीक्षण के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग के अफसर स्कूलों में पहुंचकर परीक्षा की तैयारियों को भी परख रहे हैं। सामान्य ज्ञान से लेकर कलरव, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, हमारा समाज आदि विषयों के बारे में बच्चों से मालूम किया जा रहा है। बीईओ शिव कुमार ने शिक्षकों से वर्तमान शिक्षा सत्र के कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए हैं।