गन्ना भुगतान के लिए लगाई 78 हजार क्विंटल से ज्यादा चीनी की रैक
बिजनौर। प्रशासन की सख्ती के बाद चीनी मिलों ने गन्ना भुगतान की कोशिश तेज कर दी हैं। बिलाई चीनी मिल ने चीनी बेचने के लिए महाराष्ट्र को दो रैक लगा दी हैं। इन रैक में 52 हजार क्विंटल चीनी बेची जाएगी। इसके अलावा लोकल स्तर पर भी चीनी बेची जा रही है। मिल हर कीमत पर 12 तक भुगतान करने की ठान चुकी है। वेव ग्रुप की बिजनौर व चांदपुर चीनी मिल भी भुगतान के चीनी निर्यात कर रही हैं।
चीनी मिलों द्वारा पिछले पेराई सत्र का भुगतान न होने से किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है। जिले की चीनी मिलों पर किसानों का करीब 60 करोड़ रुपया बकाया है। बिलाई चीनी मिल पर करीब 22 करोड़, बिजनौर चीनी मिल पर 22.63 तथा चांदपुर चीनी मिल पर 35.63 करोड़ रुपये का बकाया है। बिलाई चीनी मिल ने महाराष्ट्र के लिए दो रैक लगा दी हैं। दोनों रैक में 26-26 हजार क्विंटल चीनी भेजी जा रही है। बिजनौर चीनी मिल ने गुजरात की रेणुका चीनी मिल को साढ़े 26 हजार की रॉ शुगर भेजी है। यह रॉ शुगर विदेशों को भेजी जाएगी। इसके अलावा लोकल स्तर पर भी चीनी बेची जा रही है। इस चीनी को बेचकर मिलने वाली रकम से किसानों का भुगतान किया जाएगा। चांदपुर चीनी मिल लोकल स्तर पर व्यापारियों को चीनी बेच रही है। कुल एक लाख क्विंटल से ज्यादा चीनी बेचकर किसानों का भुगतान किया जाएगा। जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह के अनुसार गन्ना भुगतान के लिए चीनी मिलों पर पूरा दबाव बनाकर रखा गया है। किसानों का भुगतान हर हाल में कराया जाएगा। जो चीनी मिल अब भी भुगतान करने में समस्या पैदा करेगी उसके अफसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
चीनी के दामों में नहीं हो रहा ज्यादा इजाफा
पिछले साल चीनी के बंपर पैदावार का असर अब तक है। चीनी के दामों में ज्यादा इजाफा नहीं हो पा रहा है। अब भी चीनी के दाम 3050 रुपये प्रति क्विंटल तक चल रहे हैं। पिछले करीब 15 दिन में चीनी के दामों में 50 रुपये प्रति क्विंटल का इजाफा हुआ है।
चीनी बेचकर किया जाएगा भुगतान का प्रयास
बिलाई चीनी मिल ने शुक्रवार को भी ढाई करोड़ का भुगतान किया है। चीनी मिल पर अब करीब 25 करोड़ का भुगतान बचा है। चीनी बेचकर जल्दी से जल्दी किसानों का भुगतान करने के बारे में अधिकारी बता रहे हैं। बिलाई चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक परोपकार सिंह के अनुसार ज्यादा से ज्यादा चीनी बेचकर भुगतान की कोशिश की जा रही है। किसानों के हित का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।