सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म
नगीना। नगर पालिका परिषद के स्वास्थ्य और सफाई निरीक्षक धीरज राय वर्मा के हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे पालिका कर्मचारियों ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 को ध्यान में रखते हुए हड़ताल को समाप्त कर दिया। पालिका कर्मचारियों ने पुलिस को चेतावनी दी कि यदि धीरज के नामजद हमलावरों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार नहीं किया गया तो पुन: कलमबंद हड़ताल की जाएगी।
बृहस्पतिवार को नगर विकास कर्मचारी महासंघ अध्यक्ष और पालिका के प्रधान लिपिक मदन पाल ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। मंगलवार शाम नगर पालिका परिषद के स्वास्थ्य और सफाई निरीक्षक धीरज राय वर्मा के साथ उनके कार्यालय में दो संविदा सफाई कर्मचारियों सहित चार लोगों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की थी। घटना के विरोध में पालिका कर्मचारियों ने बुधवार सुबह नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी थी। पुलिस से मुलाकात करने पर पालिका कर्मचारियों ने बेमियादी हड़ताल को समाप्त कर दिया और काम पर लौट आए। वहीं, उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के बैनर तले अध्यक्ष करन सिंह राणा, महामंत्री अरविंद पंवार के नेतृत्व में कर्मचारी धीरज राय वर्मा के खिलाफ एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग करते हुए पालिका के गेट पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान ताराचंद, मनीष, अनिल वैद्य, मुकेश कुमार, पवन कुमार आदि शामिल रहे।