अमरोहा। जिले में दो और फाइलेरिया आशंकित मिले हें। इसके बाद सेहत महकमे में हड़कंप मच गया है। करीब हफ्तेभर में फाइलेरिया के तीन आशंकित मरीज मिल चुके हैं। तीनों मरीजों के थ्रोट टेस्ट पाजिटिव मिले हैं। तीनों मरीजों के खून के नमूने जांच के लिए लखनऊ भेज दिया गया है। वहीं तीन आशंकित मरीज मिलने के बाद विभाग ने एहतियातन जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
फाइलेरिया के मरीजों की खोज के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पिछले दिनों अभियान चलाया था। ताकि फाइलेरिया के मरीजों को खोजकर उनका इलाज किया जा सके। वर्ष 2020 तक प्रदेश से फाइलेरिया के खात्मे के सरकारी निर्देशों के बाद यह अभियान चलाया गया था।
इस माह 14 से 17 नवंबर तक तीन दिन चले इस अभियान में विभाग को एक फाइलेरिया आशंकित मरीज मिला था। इसके बाद विभाग ने जांच का दायरा बढ़ाकर कुछ और जांचें की थीं। इसमें जनपद में फिर से दो और फाइलेरिया आशंकित मरीज मिले हैं।
सप्ताहभर में तीन फाइलेरिया आशंकित मरीज मिलने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। इसके बाद स्वास्थ्य अधिकारियों ने जांच का दायरा बढ़ाने की बात कही है।
26 के बाद होगा टेस्ट
अमरोहा। जिला संक्रामक रोग अधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि थ्रोट टेस्ट में अब तक फाइलेरिया के तीन आशंकित मरीज मिले हैं। एक मरीज का ब्लड सैंपल जांच के लिए पहले ही भेजा जा चुका है। दो अन्य मरीजों के ब्लड सैंपल लेकर 26 नवंबर के बाद लखनऊ स्थित प्रयोगशाला को भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि संक्रमण के खतरे के चलते मरीजों को बाकि लोगों से अलग रखा गया है।