अमरोहा। मांगों को लेकर शनिवार से काम ठप कर हड़ताल पर डटे ठेका सफाई कर्मचारी मंगलवार को कंपनी प्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद काम पर लौट आए। सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते जिला अस्पताल के वार्डों से लेकर इमरजेंसी में गंदगी के ढेेर लग गए। मंगलवार को दोपहर बाद कर्मचारियों के काम पर वापस लौटने के बाद अस्पताल प्रशासन ने राहत की सांस ली।
जिला अस्पताल में ठेका सफाई कर्मचारियों के अलावा किसी भी सफाई कर्मचारी की विभाग की ओर से तैनाती नहीं है। इन्हीं 18 कर्मचारियों पर अस्पताल की पूरी सफाई व्यवस्था का दारोमदार है। मंगलवार को कंपनी प्रतिनिधियों के साथ हुई ठेका सफाई कर्मचारियों की वार्ता हुई।
वार्ता में तय हुआ कि कर्मचारियों के 16 माह के ईपीएफ का कंपनी जल्द ही भुगतान करेगी। इसके अलावा उनका मानदेय बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा। आश्वासन के बाद कर्मचारी काम पर लौट आए। तब जाकर जिला अस्पताल प्रशासन ने राहत की सांस ली।
हर महीने 1.90 लाख का है ठेका
अमरोहा। मुंबई की ऑल सर्विस ग्लोबल कंपनी के ऑपरेशनल एग्जीक्यूटिव राहुल सिंह ने कहा कि जिला अस्पताल में कंपनी का हर महीने एक लाख 90 हजार रुपये का सफाई कार्यों का ठेका है। ठेके पर रखे गए 18 कर्मचारियों को वेतन देने के बाद बाकी रुपये कंपनी के अन्य मदों में खर्च होते हैं। बहरहाल कर्मचारियों के 16 माह के ईपीएफ का भुगतान किया जाएगा। वेतन बढ़ाने को लेकर कंपनी मालिकों से बात करेंगे।