बिजनौर। योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि कासगंज दंगा अफसरों की नाकामयाबी का नतीजा है। अफसरों की वजह से ही यह मामला इतना बढ़ा। सरकार का इसमें कोई दोष नहीं है।
बुधवार को बिजनौर आए मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने डाक बंगले में पत्रकारों से वार्ता करते हुए अपनी ही सरकार पर हमला बोलने से पीछे नहीं हटे। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार में वे पहले ऐसे नेता हैं जो अपनी सरकार में रहकर भी लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन्हें समर्थन दिया बल्कि भाजपा को उन्होंने समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि अफसरों की विफलता की वजह से कासगंज का दंगा बढ़ा। मंत्री वाराणसी में दिए गए अपने बयान से पीछे नहीं हटे। कहा कि मौजूदा सरकार में भी भ्रष्ट अधिकारी हैं और पुरानी सरकार में भी भ्रष्ट मंत्री और अधिकारी थे। योगी सरकार में भी ऐसे भ्रष्ट अधिकारी काम कर रहे हैं। जो पहले नहीं सुधर पाए तो अब कैसे सुधरेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे अफसरों को प्रदेश से कहीं बाहर भेज देना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह इतनी हैसियत रखते हैं पूर्वांचल की 32 लोकसभा सीट पर जिसे चाहें जीत दिला दें और जिसे चाहें चुनाव हरवा दें। भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी जंग जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी बेलगाम हैं। सरकार में लोगों की छोटी छोटी समस्याएं ये अफसर नहीं सुन रहे। पिछली सरकारों में जो अफसर अच्छे पदों पर तैनात थे, मौजूदा सरकार में भी वे ही तैनात हैं और खूब मजा ले रहे हैं।