हरियाली से गुलजार होंगे स्कूल
बिजनौर । जिले के कक्षा एक से 12 तक के स्कूल जल्द ही हरियाली से गुलजार होंगे। इसके लिए अभियान चला कर स्कूलों के खाली पड़े प्रांगणों में पौधारोपण किया जा रहा है। बरसात शुरू होते ही स्कूलों में पौधे लगाने का काम शुरू कर दिया गया है।
डीएम जगतराज ने स्कूलों में पौधारोपण करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को स्कूलों में पौधारोपण अभियान शुरू किया है। बृहस्पतिवार को भी जिले के कई स्कूलों में पौधे लगाए गए। परिषदीय स्कूलों में भी शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने पौधे लगाने के निर्देश दिए हैं। ब्लॉक स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारियों को निगरानी करने को कहा गया है। ताकि स्कूल हरियाली से गुलजार हो उठें। बृहस्पतिवार को बिजनौर इंटर कॉलेज बिजनौर में प्रधानाचार्य डॉ. आफताब अहमद की देखरेख में एनसीसी कैडेट्स ने पौधारोपण किया। एनसीसी ऑफिसर खलील अहमद, अबुल मारिफ खां व शिक्षक जावेद अख्तर बेग ने छात्रों को भरपूर सहयोग किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्या राजुल त्यागी के निर्देशन में छात्राओं को बच्चों को शपथ दिलाई। नाहिद, सीमा, चांदनी, मुस्कान, सिमरन, बबीता, दीपा, दीप्ति आदि ने पौधारोपण किया। आरबीडी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयं सेविकाओं ने पौधारोपण किया और पौधों के रखरखाव की शपथ भी दिलाई गई। इस मौके पर प्राचार्या डॉ. मृदुल, डॉ. समीना, डॉ रश्मि त्रिवेदी, डॉ. सविता, डॉ. जकिया आदि ने सहयोग किया। दूसरी ओर, न्याय पंचायत धर्मनगरी के संकुल प्रभारी ताजवीर सिंह की देखरेख में न्याय पंचायत के कई स्कूलों में पौधारोपण किया गया। बच्चों और शिक्षकों को पौधों की परवरिश के लिए शपथ भी दिलाई गई।