सीएम ने अदिति को किया सम्मानित
हल्दौर (बिजनौर)। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की परीक्षा में प्रदेश में 7वां स्थान पाने पर हल्दौर की छात्रा अदिति भारद्वाज को सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक लाख रूपये का चेक देकर सम्मानित किया।
बृहस्पतिवार को लखनऊ के लोकभवन में हुए सम्मान समारोह में हल्दौर के मोहल्ला खेड़ा निवासी अदिति भारद्वाज को मुख्यमंत्री ने एक लाख रुपये का चेक, एक टेबलेट व प्रशस्ति पत्र दिया। अदिति भारद्वाज ने मीरापुर के सनातन धर्म इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की परीक्षा में 473 अंक पाकर प्रदेश में 7वां स्थान प्राप्त किया था। अदिति के पिता डॉ. विकास कुमार शर्मा इसी कॉलेज में प्रधानाचार्य हैं। अदिति ने सफलता श्रेय शिक्षकों एवं माता-पिता को दिया है।