इंजेक्शन लगाने के दौरान 15 दिन की बच्ची की उंगली काटी
कोतवाली देहात। कोतवाली देहात में एक नर्सिंग होम में इंजेक्शन लगाने के दौरान 15 दिन की बच्ची की उंगली काट ली। डाक्टर पर परिजनों से गाली गलौच और धमकी देने का भी आरोप हैं। उधर मामले की तहरीर पुलिस को दिए जाने के बाद आरोपी डाक्टर नर्सिंग होम बंद कर फरार हो गया।
कोतवाली देहात निवासी अकील कुरैशी ने बताया कि 30 दिसंबर को उसकी 15 दिन की बेटी की तबियत खराब होने पर इलाज के लिए कोतवाली देहात में स्थित एक नर्सिंग होम में गए थे। डाक्टर ने बच्ची को इंजेक्शन लगाया तथा बच्ची के हाथ पर पट्टी बांधकर बाहर आया बच्ची की हालत में सुधार न होने पर उसे बिजनौर के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। जहां डाक्टर ने बच्ची के हाथ की पट्टी खोलकर देखी तो बच्ची की उंगली और हथेली का मांस कटा हुआ था। परिजन कोतवाली देहात स्थित उक्त नर्सिंग होम पर पहुंचे और उंगली काटने का आरोप लगाया। इस पर आरोपी डाक्टर ने परिजनों के साथ गाली गलौच शुरु कर दी।
परिजनों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। डाक्टर नर्सिंग होम में ताला लगाकर फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक लव सिरोही ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।