युवक ने घर में फांसी लगाकर की खुदकुशी
बिजनौर। एक युवक ने चार दिन पहले घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। चार दिन से उसका शव घर में ही फंदे में लटका रहा। सोमवार को पड़ोस के लोगों को घर से दुर्गंध आई तो उन्होंने परिजनों को बुलाया। शव को नीचे उतारा गया। युवक अपने पिता का इकलौता बेटा था।
पुलिस के मुताबिक शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव आदोपुर निवासी चंद्रपाल सिंह का 27 वर्षीय पुत्र इंद्रजीत कई साल से बुरी संगत में पड़ गया था। वह नशा करने का आदि था। पिछले आठ साल में पिता से आठ लाख रुपये लेकर हजम कर चुका था। अपनी कोई भी बुरी आदत इंद्रजीत छोड़ने को तैयार नहीं था। पिछले एक माह से पैसा नहीं देने पर अपने परिजनों से मारपीट कर रहा था। उसकी आदतों से तंग आकर माता-पिता आदर्श नगर में किराए का मकान लेकर रह रहे थे। घर पर इंद्रजीत अकेला रहता था। चार दिन पहले इंद्रजीत ने घर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव घर में फांसी पर लटका मिला। पड़ोसियों ने इसकी सूचना उसके माता-पिता को दी। सोमवार को माता-पिता पड़ोस के लोगों के साथ घर पहुंचे तो इंद्रजीत का शव फंदे पर लटका पाया। पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने कोई भी कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। शहर कोतवाल रामसेवक के मुताबिक इंद्रजीत बुरी संगत में पड़ गया था। नशा करने का आदि था। परिजनों के साथ मारपीट करता था। चार दिन पहले उसने खुदकशी कर ली थी। घर से दुर्गंध आने पर परिजनों को बुलाकर शव को निकाला गया। परिजनों ने कोई कार्रवाई करने से मना कर दिया है।