मतदाता पर्ची के साथ ले जानी होगी एक आईडी : डीएम
बिजनौर। डीएम सुजीत कुमार ने कहा कि जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाया जाएगा। पिछले साल जिले में 62 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस आंकड़े को पार करने की पूरी कोशिश की जाएगी। जिले के मतदाता उत्सव की तरह मतदान में शामिल हों। वोट डालने के लिए मतदाता एक आईडी भी अवश्य लेकर जाएं।
कलक्ट्रेट में प्रेस वार्ता में डीएम ने कहा कि चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी अपने लोकसभा क्षेत्र के अंतिम दिन तक वोटर लिस्ट में नाम बढ़वा सकते हैं। इसकी पूरी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में मतदाता केवल वोटर पर्ची लेकर मतदान केंद्रों पर पहुंच गए थे। मतदान पर्ची वोट डालने के लिए अधिकृत है, लेकिन यह मतदाता का पहचान पत्र नहीं माना जाता है। उपभोक्ता अपने साथ मतदाता पर्ची के अलावा कोई न कोई फोटो वाला अधिकृत पहचान पत्र भी लेकर जाएं। इन पहचान पत्रों के आधार पर ही मतदाताओं को वोट डालने दिया जाएगा। जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए अनेक कार्यक्रम किए गए हैं और अब भी किए जा रहे हैं। बीएलओ पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। कहा कि जिले में पिछले साल 62 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार इस आंकड़े को पार करने का लक्ष्य रखा गया है। जिले की जनता पढ़ी लिखी है, वह मतदान के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझें और अधिक से अधिक मतदान करें। मतदान लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव होता है। मतदाता इस उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में हिस्सा लें।