वनकर्मी की स्वाइन फ्लू से मौत
कालागढ़। कार्बेट टाइगर रिजर्व/नेशनल पार्क के कालागढ़ उप वन प्रभाग में तैनात वन दरोगा दयाशंकर चौरसिया की उपचार के दौरान पीजीआई लखनऊ में मृत्यु हो गई। कालागढ़ के उप प्रभागीय वनाधिकारी आरके तिवारी ने बताया कि दयाशंकर चौरसिया का परिवार लखनऊ में है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि दयाशंकर की मृत्यु संभवत: स्वाईन फ्लू से हुई है। रेंज अधिकारी आरके भट्ट ने बताया कि इस मामले को वन विभाग ने गंभीरता से लिया है।
पौड़ी के स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर यहां स्वाइन फ्लू की बीमारी फैलने से रोकने के लिए और उसके कारणों का पता लगाकर जनता की सुरक्षा करने की मांग की है। दयाशंकर चौरसिया के पुत्र मनीष ने दूरभाष पर लखनऊ से ने बताया कि पिता की तबियत खराब होने पर उन्हें धामपुर, मुरादाबाद ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने निमोनिया बताया था। हालत खराब होने पर मुरादाबाद से लखनऊ लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने स्वाइन फ्लू की आशंका जताई। जिस पर सोमवार को उन्हें पीजीआई लेकर गए। जहां उनके स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच के बाद यहां भी चिकित्सकों ने स्वाइन फ्लू की ही आशंका बताई। इससे पहले की जांच रिपोर्ट आ पाती उनके पिता की मृत्यु हो गई।