मुआवजे को लेकर किसानों का धरना जारी
चंदक । अधिग्रहीत भूमि के मुआवजे को लेकर आकियू की ओर से गांव रायपुर बेरीसाल में दिया जा रहा धरना पांचवें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारी कई किसान वायरल की चपेट में हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक किसानों की सुध नहीं ली है। इससे किसानों में रोष व्याप्त है।
गांव रायपुर बेरीसाल में सड़क के लिए अधिग्रहित की गई भूमि का मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर आकियू पिछले पांच दिन से धरना दिया जा रहा है। धरना दे रहे किसानों में से पांच किसान वायरल की चपेट में हैं, लेकिन प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अफसर इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे किसानों में रोष व्याप्त है। इस कारण पीड़ित किसान निज चिकित्सक के यहां अपना उपचार कराने को मजबूर हैं। आकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह ने बताया की किसानों को उनका हक दिलाना यूनियन की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रशासन की ओर से की जा रही अनदेखी किसान विरोधी सरकार होने का प्रमाण दे रही है । बृहस्पतिवार को प्रशासन की ओर से आई टीम और किसानों में सहमति नहीं बन सकी । किसानों की मांग है कि सड़क मे 66 फीट चौड़ाई में जो जमीन गई है उसी के अनुसार मुआवजा दिलाया जाए, जबकि प्रशासन लोक निर्माण विभाग के जीओ के आधार पर 21 फीट चौड़ाई के हिसाब से मुआवजा देना चाहता है।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शासन प्रशासन ने इस पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो किसान एक अक्टूबर को चंदक में बिजनौर-हरिद्वार मार्ग जाम कर देंगे। इस दौरान प्रियागी, दौलतपुर, कबूलपुर, खुड़ाहेड़ी, किशनपुर, रामजीवाला, खिरनी, कुंदनपुर टीप, तिमरपुर, हाजीपुर आदि में किसानों से संपर्क किया गया। धरना स्थल पर ओमपाल, चुन्नू रामसुधीर, गुड्डू, नागेंद्र, दुष्यंत राठी, अजय कुमार, जयपाल सिंह आदि किसान रहे ।