गर्मी में गहराया पेयजल संकट
नांगलसोती/नजीबाबाद । भीषण गर्मी में आदर्शनगर और हरचंदपुर में मोटर फुंकने व पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । ग्रामीणों ने जल निगम अधिकारियों से शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है।
गांव हरचंदपुर स्थित जल निगम के नलकूप और ओवर हैड टैंक से कई गांव को पेयजल आपूर्ति दी जाती है। दो दिन पूर्व से टैंक के समीप और ढोलापुरी मार्ग पर भूमिगत पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। जिससे गांव हरचंदपुर ढोलापुरी, चमरौला, महमसापुर, लालपुर मान, सौंफतपुर में गंदा पानी जाने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित है। ग्रामीणों इस्लामुद्दीन, देवेंद्र सिंह, बब्बू, इरशाद अहमद ने जेई उमेश सिंह से शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुचारु करने मांग की। नलकूप ऑपरेटर रामसिंह का कहना है कि क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत कर शीघ्र पेयजल आपूर्ति दुरुस्त की जाएगी।
उधर, जल निगम की लापरवाही से आदर्शनगर वासी पिछले छह दिनों से पानी को तरस रहे हैं। जलनिगम का विद्युत मोटर फुंकने से आदर्शनगर क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति ठप है। जल निगम कर्मचारियों द्वारा जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु न करने से नागरिकों में विभाग के प्रति नाराजगी है। नागरिकों धर्मवीर सिंह, भगवान दास, विरेंद्र सिंह, तारा सिंह, यशपाल सिंह, मायारानी, पुष्पा रानी, सरदार कुलवंत सिंह, गणेश पंवार, राजीव गुप्ता, सुरेंद्र सिंह, धर्मवीर सिंह, आदि का कहना है कि छह दिन पूर्व जल निगम की टंकी का विद्युत मोटर फुंक जाने उसे बदल नहीं जा सका है। जिससे क्षेत्र जलापूर्ति ठप है। क्षेत्रवासियों ने जल निगम अधिकारियों से जल्द जलापूर्ति सुचारु करने की मांग की है।