बिजनौर। परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में शिक्षा सत्र 2018-19 में जल्द ही बच्चों को यूनिफॉर्म मिलेगी। इसके लिए शासन ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। प्रथम चरण में जिले के डेढ़ लाख बच्चों को यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने के लिए 50 लाख रुपये आवंटित कर दिए हैं।
परिषदीय स्कूलों में एक अप्रैल से शिक्षा सत्र 2018-19 का शुभारंभ हो गया था। नए सत्र में स्कूलों में शिक्षा का माहौल तैयार कराने के लिए इस बार शासन स्तर पर भी खास तैयारी की गई है। विगत वर्ष में अक्टूबर के महीने में बच्चों को यूनिफार्म मिली थी, लेकिन इस बार शासन जल्द ही बच्चों को यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने की तैयारी में जुटा है। जिले में करीब 1.50 लाख छात्र-छात्राएं प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पंजीकृत हैं। बेसिक शिक्षा विभाग की माने तो इन बच्चों को यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने के लिए शासन से 50 लाख रुपये आवंटित हुए हैं।
20 मई से स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश होना है। इसके बाद एक जुलाई से स्कूल खुलेंगे। शिक्षा विभाग ने ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के तुरंत बाद जुलाई में बच्चों को यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। इसके लिए ब्लॉक स्तर से खंड शिक्षा अधिकारियों से छात्र-छात्रों के नामांकन जातिवार मांगा गया है। ताकि नामांकन के अनुसार ही स्कूलों में यूनिफॉर्म की धनराशि उपलब्ध कराई जा सके।
स्कूलों में विद्यालय प्रबंध समितियों भी सक्रिय करने के लिए कहा गया है। जुलाई के महीने में यूनिफॉर्म बच्चों को मिलने से स्कूलों में नामांकन भी बढे़गा। उधर, बीएसए महेश चंद ने शासन से बच्चों की यूनिफॉर्म के लिए आई धनराशि की पुष्टि की है।