मालन नदी को स्वच्छ करने की मुहिम रंग लाई
नजीबाबाद। मालन नदी को प्रदूषित होने से बचाने की पूजा हॉस्पिटल की मुहिम रंग लाने लगी है। बृहस्पतिवार को पूजा हॉस्पिटल की टीम के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं और नगरपालिका परिषद के सफाईकर्मियों ने मालन नदी की सफाई की। एसडीएम ने मालन नदी पर पहुंचकर स्वयंसेवियों के प्रयासों की सराहना की।
पूजा हॉस्पिटल के एमडी डॉ. संदीप अग्रवाल, डॉ. राखी अग्रवाल के नेतृत्व में पूजा हॉस्पिटल की टीम मालन नदी के नवनिर्मित पुल क्षेत्र में पहुंची। हाथों में फावड़ा और टोकरे लिए स्वास्थ्य कर्मियों ने मालन नदी में फंसी गंदगी को बाहर निकाला। साथ ही जेसीबी से मिट्टी पुल के पिलर पर चढ़ाई। नगरपालिका के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक शमशाद अहमद के नेतृत्व में पहुंची स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने गंदगी को ट्रैक्टर ट्रॉलियों में भरकर नदी से बाहर निकाला। डॉ. संदीप, डॉ. राखी ने बीमारियों से बचने के लिए नदियों को प्रदूषण से बचाने की सलाह दी। एसडीएम एसके सिंह ने मौके पर पहुंचकर इन प्रयासों की सराहना की। अभियान में थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह धामा, पूजा हॉस्पिटल के सुभाष कुमार, डॉ. एसके जौहर, डॉ. पवन अग्रवाल, लायंस क्लब के गुरुपाल सिंह, नोना सिंह, डॉ. ज्योति, अनुराधा माथुर, कारोबारी सुशील कुमार आदि शामिल रहे।
भाकियू कार्यकर्ता 10 के बाद करेेंगे सफाई
भाकियू जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मालन नदी को स्वच्छ रखने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया। दिगंबर सिंह ने बताया कि 10 अप्रैल के बाद भाकियू की ओर से मालन नदी का सफाई अभियान चलाया जाएगा। इससे पहले प्रशासन से संपर्क कर नदी के बहाव के रास्ते का चिन्हीकरण कराया जाएगा। बार संघ, खैरुल्लापुर ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्यों और ग्रामीणों ने सहयोग देने की बात कही।