सिलेंडर से मंडप में लगी आग, भगदड़
धामपुर (बिजनौर)। कामर्शियल सिलेंडर से गैस लीकेज होने से शनिवार सुबह करीब 10 बजे आरएसएम तिराहे स्थित एक मंडप में आग लग गई। आग की लपटों को देख मंडप में रिसेप्शन के लिए खाना तैयार कर रहे लोगों में भगदड़ मच गई। लोगों ने मंडप में रखे आग बुझाने के सिलेंडरों का उपयोग कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक आग में कारीगर की बाइक, कई कुर्सियां, मेज आदि सामान जल कर नष्ट हो गया। सूचना पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पर काबू पा लिया गया।
गांव पुराना धामपुर निवासी कमलेश सिंह एडवोकेट ने बताया कि उनके भतीजे अभिदेव पुत्र राजीव कुमार की शादी हुई है। 10 मार्च को आरएसएम तिराहा स्थित एक मंडप में शादी के उपरांत रिसेप्शन का आयोजन था। दावत 10 मार्च को शाम के समय से शुरू होनी थी। शनिवार सुबह करीब 20 कारीगर भोजन की तैयारी कर रहे थे। 10 बजे अचानक कामर्शियल सिलेंडर से गैस के लीकेज होने से मंडप में आग लग गई। आग की लपटें देख मंडप में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। लोगों ने मंडप में रखे आग बुझाने के सिलेंडरों का प्रयोग कर आग पर काबू करने का प्रयास किया। लेकिन तब तक एक बाइक, मेज , कुर्सी, कागज आदि सामान जल गया। आग से करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। कुछ ही देर के बाद दमकल कर्मी तो घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन उनके पास गाड़ी नहीं थी। जब लोगों ने इन कर्मियों से पूछा तो बताया कि शनिवार को नगीना में होली रंग का जुलूस निकलने के कारण दमकल गाड़ी वहां गई हुई है।
सावधानी से पाया आग पर काबू
मंडप में लगी आग से लोगों को यह घबराहट रही कि यदि गैस का सिलेंडर या बाइक की पेट्रोल की टंकी फट गई तो क्या होगा। बड़ी सावधानी के साथ लोगों ने आग को काबू करने का प्रयास किया। अच्छा हुआ कि इस दौरान कोई हादसा नहीं हो पाया। लोगों ने सूझबूझ का परिचय दिया और मंडल में मौजूद पानी से ही आग पर काबू पा लिया।