मुस्लिम विद्वान कर रहे गुमराह : ओमपाल नेहरा
बिजनौर। पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री ओमपाल सिंह नेहरा ने मुस्लिम विद्वानों पर मुस्लिमों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि मस्जिद के शिफ्ट न होने के संबंध में मुस्लिम विद्वान गलत बयान दे रहे हैं। उन्होंने विनय कटियार द्वारा मुस्लिमों को पाकिस्तान जाने के संबंध में दिए गए बयान की भी निंदा की है।
ओमपाल सिंह नेहरा ने एक बयान में कहा कि ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने कहा है कि मस्जिद को शरीयत के अनुसार न तो शिफ्ट किया जा सकता है, न बेची जा सकती है और न किसी को गिफ्ट की जा सकती है। खुद पैगंबर मोहम्मद साहब ने किबला को यरूशलम से मक्का में शिफ्ट किया था। एक गंभीर विवाद को बचाने के लिए यह किया गया था। कहा कि मोहम्मद साहब विवाद को सुलझाने के लिए किबला को शिफ्ट करा सकते हैं, लेकिन आज के विद्वान मुसलमान एक मस्जिद को देशहित में ट्रांसफर करने को इस्लाम के विरुद्ध बता रहे हैं।
आज के मुस्लिम विद्वानों का यह कथन खुद मोहम्मद साहब के दिखाए रास्ते के अनुरूप नहीं है। ओमपाल सिंह नेहरा ने अमन पसंद, राष्ट्रवादी मुस्लिम विद्वानों से इस नाजुक मसले पर मुस्लिम समाज को सही दिशा में जागृत करने की अपील की है। उन्होंने जम्मू कश्मीर विधानसभा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ऐसा न होने पर वहां राष्ट्रपति शासन लगाने और सेना को खुली छूट देनी चाहिए। ओमपाल सिंह नेहरा के अनुसार भाजपा के नेताओं को सोचना चाहिए कि केवल नारों व लच्छेदार भाषणों से देश नहीं चलेगा।